-
☰
हरियाणा: बिजली कर्मचारियों का दूसरे दिन भी प्रदर्शन, 11 से 13 अगस्त की हड़ताल को लेकर तैयारियां तेज
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर सांझा संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सब डिविजन स्तर पर दूसरे दिन भी सरकार की नीतियों के विरोध में सभी यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
विस्तार
हरियाणा: हिसार बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर सांझा संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सब डिविजन स्तर पर दूसरे दिन भी सरकार की नीतियों के विरोध में सभी यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसमें एचएसईबी, एससी/एसटी और बीसी, एएचपीसी वर्कर यूनियन के सैंकड़ों कर्मचारी शामिल हुए। आज के विरोध प्रदर्शन व गेट मीटिंग की अध्यक्षता एससी/एसटी और बीसी यूनियन के सब यूनिट प्रधान मोहिंद्र सिंह व एचएसईबी वर्कर यूनियन मुख्यालय भिवानी सब यूनिट के प्रधान सन्नी सिंह ने की। विरोध प्रदर्शन में गेट बैठक का संचालन एएचपीसी वर्कर यूनियन के सब यूनिट प्रधान बोबिंद्र सिंह व उप मंडल अधिकारी सब डिवीजन सातरोड प्रदीप सोनी ने किया। संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आगामी 11, 12 व 13 अगस्त को होने वाली हड़ताल को लेकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई। एएचपीसी वर्कर यूनियन के राज्य उप प्रधान जगमेंद्र पूनिया व एससी/एसटी और बीसी कर्मचारी यूनियन के सर्कल सचिव हंसराज ने सरकार द्वारा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों को बुलाकर तथा बैठक में समाधान न निकालकर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। आज प्रदेश के किसान, मजदूर, कर्मचारी एवं जनहितैषी संगठन सरकार के खिलाफ बिजली निगम को बचाने के लिए एक मंच पर आ रहे हैं। यदि सरकार संयुक्त संघर्ष मोर्चा द्वारा दिए गए मांग पत्र पर गौर नहीं करती तो प्रदेश की जनता 11, 12 व 13 अगस्त को बिजली निगम की कर्मचारी यूनियनों के साथ मिलकर हड़ताल को सफल बनाने में अपना योगदान देगी। कर्मचारी नेता भूप सिंह इंदौरा, रमेश कुमार झोरड़, महेंद्र डूडी व धर्मेंद्र सिंह आदि ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की व उपस्थित जन समूह से हड़ताल को सफल बनाने की हामी भरवाई।