Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: 21.68 करोड़ की लागत से बने रोड ओवरब्रिज का हुआ लोकार्पण, आवागमन हुआ सुगम

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ashok Mahule , Date: 15/06/2026 12:37:07 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Ashok Mahule ,
  • Date:
  • 15/06/2026 12:37:07 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले रेल्वे क्रॉसिंग बीके-09 (किलोमीटर 1048/0-1) पर निर्मित 21.68 करोड़ रुपये की लागत वाले रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का लोकार्पण मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 13 जून को किया।

विस्तार

मध्य प्रदेश: बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले रेल्वे क्रॉसिंग बीके-09 (किलोमीटर 1048/0-1) पर निर्मित 21.68 करोड़ रुपये की लागत वाले रोड ओवरब्रिज (आरओबी) का लोकार्पण मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 13 जून को किया। लोकार्पण के साथ ही ब्रिज से आवागमन प्रारंभ कर दिया गया तथा मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि यह ओवरब्रिज बालाघाट जिले के विकास के नए द्वार खोलेगा और आने वाले समय में क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज न केवल जिले के नागरिकों के लिए बल्कि यहां आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधाजनक साबित होगा। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गरीबों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए एयर एम्बुलेंस सुविधा शुरू करना एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां गरीबों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा दी जा रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सांसद भारती पारधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और बालाघाट भी इस विकास यात्रा का हिस्सा बन रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में डबल इंजन सरकार के सहयोग से लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में दो ओवरब्रिज बनकर चालू हो चुके हैं, जबकि भटेरा रोड ओवरब्रिज का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बैहर रोड पर भी ओवरब्रिज निर्माण के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बताया गया कि 746 मीटर लंबे इस रोड ओवरब्रिज के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। ब्रिज बनने से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित हुआ है। लोकार्पण अवसर पर विधायक गौरव सिंह पारधी, राजकुमार कर्राहे, पूर्व मंत्री रामकिशोर “नानो” कावरे, गौरीशंकर बिसेन, प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार, कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।