Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: सड़कों पर चला प्रशासन का 'पीला पंजा', अतिक्रमण हटे तो भड़के व्यापारी

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 24/07/2026 09:56:16 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 24/07/2026 09:56:16 am
Share:

संक्षेप

राजस्थान: कोटपूतली शहर के मुख्य मार्गों पर लगातार लग रहे जाम और सुस्त यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर परिषद और यातायात पुलिस ने मिलकर एक बड़ी संयुक्त कार्यवाही को अंजाम दिया है।

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली शहर के मुख्य मार्गों पर लगातार लग रहे जाम और सुस्त यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर परिषद और यातायात पुलिस ने मिलकर एक बड़ी संयुक्त कार्यवाही को अंजाम दिया है। इस दौरान सड़क सीमा पर किए गए अवैध व अस्थाई अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर भारी जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई “पीले पंजे“ की कार्यवाही से पूरे शहर के दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों में हड़कंप मच गया। वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यापारियों ने कार्यवाही का जमकर विरोध करते हुए मोर्चा खोल दिया।

अधिकारियों के नेतृत्व में चला अभियान : यह सख्त कार्यवाही नगरपरिषद के एक्सईएन दीपक मीणा और यातायात प्रभारी कृष्ण धनकड़ के नेतृत्व में की गई। नगर परिषद और पुलिस का संयुक्त दस्ता भारी जाप्ते के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर उतरा और सड़क सीमा को बाधित करने वाले अस्थाई अतिक्रमणों को हटाना शुरू किया।

व्यापारियों का फूटा गुस्सा, नगरपरिषद कार्यालय पर प्रदर्शन : वहीं दूसरी स्थानीय व्यापारियों ने नगर परिषद की कार्यवाही का जमकर विरोध किया। आक्रोषित व्यापारियों ने नगर परिषद कार्यालय में एकत्रित होकर करीब एक घण्टे तक सांकेतिक प्रदर्षन किया। व्यापारियों का कहना था कि प्रतिष्ठानों के सामने अवैध पार्किंग की जाती हैं। नगर परिषद द्वारा दुकानों के सामने वाहन हटवाकर टैम्पों खड़े करवा दिये, जिस पर व्यापारियों ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। व्यापारियों का आरोप था कि नगरपरिषद प्रशासन की लापरवाही के कारण ही उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों के सामने अवैध पार्किंग की जाती हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है। व्यापारियों के इस भारी विरोध पर नगरपरिषद ने टैम्पों हटवाये।
 
लापरवाह वाहन चालकों पर भी कसा शिकंजा : इससे पहले कार्यवाही के दौरान टीम को सड़क के बिल्कुल बीचों-बीच और नो-पार्किंग जोन में लापरवाही से पार्क किए गए कई चौपहिया वाहन मिले थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही इन वाहनों के चालान काटे और वाहन स्वामियों को कड़ी चेतावनी दी।

बाजारों में मची अफरा-तफरी : प्रशासन की इस अचानक हुई कार्यवाही से सड़क किनारे बैठने वाले फुटपाथ व्यापारियों और रेहड़ी-ठेली वालों में हड़कंप मच गया। कई रेहड़ी वाले कार्यवाही दस्ते के सामने हाथ जोड़कर अपने सामान और आजीविका को बचाने की गुहार लगाते नजर आए। साथ ही मुख्य मार्गों के स्थाई दुकानदारों द्वारा सड़क सीमा तक बाहर निकाले गए सामान को हटवाया गया। नगरपरिषद एक्सईएन दीपक मीणा व यातायात प्रभारी कृष्ण धनकड़ ने संयुक्त रूप से कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और दुरुस्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अधिकारियों ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।


Featured News