Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने पर दिया गया जोर, सड़क सुरक्षा से लेकर साइबर अपराध तक की समीक्षा

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 24/07/2026 10:31:32 am Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 24/07/2026 10:31:32 am
Share:

विस्तार

राजस्थान: कोटपूतली जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता एवं जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं समन्वय संबंधी जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध खनन, नशे के विरुद्ध अभियान, ओबीसी सर्वे तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 सहित प्रमुख मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट्स में सुधार, ट्रैफिक प्रबंधन, अवैध कट बंद कराने तथा हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को लेन सिस्टम की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने, सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाने और आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए समन्वित कार्रवाई करने को कहा गया।

जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रिकालीन गश्त, नाकाबंदी और पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ाने तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों, अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों और अवैध परिवहन के खिलाफ नियमित कार्रवाई करने पर जोर दिया। काली पहाड़ी और बुचारा बांध क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से निगरानी बढ़ाकर अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में ट्रॉमा सेंटर, फायर सेफ्टी, एम्बुलेंस सेवाओं और आपदा प्रबंधन संसाधनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर ओमप्रकाश सहारण ने औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित इकाइयों का फायर ऑडिट कराने, सुरक्षा मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक अपशिष्ट एवं दूषित पानी को सार्वजनिक स्थानों या कृषि भूमि में छोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा एवं पॉक्सो मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिले में एंटी रोमियो पेट्रोलिंग और कालिका यूनिट सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। प्रत्येक पुलिस थाने में महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। बैठक में 112, महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटीजन एप और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय साइबर कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने हार्डकोर अपराधियों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण हटाने, भूमि विवादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, अफवाहों पर नियंत्रण और शांति समिति के माध्यम से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में बाल विवाह की रोकथाम, विद्यालयों में सीपीआर प्रशिक्षण, वीआईपी एवं वीवीआईपी दौरों की सुरक्षा व्यवस्था, संभावित धरना-प्रदर्शन की पूर्व तैयारी तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से संबंधित जनजागरूकता गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सर्वेक्षण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एडीएम ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली, एसडीएम योगेश सिंह देवल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Featured News