-
☰
उत्तर प्रदेश: आशुतोष सिन्हा की जीत कायस्थ समाज की एकता और राजनीतिक जागरूकता की जीत
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: रेणुकूट वाराणसी स्नातक विधान परिषद चुनाव में आशुतोष सिन्हा की जीत को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकुल श्रीवास्तव ने कायस्थ समाज की एकता, जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी की जीत बताया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रेणुकूट वाराणसी स्नातक विधान परिषद चुनाव में आशुतोष सिन्हा की जीत को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकुल श्रीवास्तव ने कायस्थ समाज की एकता, जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी की जीत बताया है। उन्होंने इस सफलता पर आशुतोष सिन्हा को बधाई देते हुए समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि आशुतोष सिन्हा की सम्मानजनक जीत कायस्थ समाज की बढ़ती राजनीतिक जागरूकता का परिणाम है। लंबे समय से राजनीतिक विश्लेषण में कायस्थ समाज को नजरअंदाज किया जाता रहा है, लेकिन वाराणसी स्नातक विधान परिषद चुनाव के परिणाम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समाज अपनी एकता और सामूहिक शक्ति के दम पर राजनीतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस जीत ने सभी राजनीतिक दलों को कायस्थ समाज की राजनीतिक ताकत और उसकी भागीदारी पर गंभीरता से विचार करने के लिए मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब कायस्थ समाज अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और सम्मान के मुद्दे पर हाशिये पर जाता दिखाई दे रहा था। समाज के लोग भी अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। समाज अपने अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को लेकर जागरूक हो रहा है। मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज अब पिछलग्गू की राजनीति से बाहर निकलकर सीधे मुख्यधारा की राजनीति में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वाराणसी स्नातक विधान परिषद चुनाव में आशुतोष सिन्हा की जीत इसी बदलाव का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल एक व्यक्ति की राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने आशुतोष सिन्हा को शुभकामनाएं देते हुए समाज के सभी लोगों का आभार जताया और भविष्य में भी इसी तरह एकजुट रहकर सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी मजबूत करने का आह्वान किया।