-
☰
उत्तर प्रदेश: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर की हत्या, आरोपी हिरासत में
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी गांव में मंगलवार दोपहर घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी गांव में मंगलवार दोपहर घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रेश्मा के रूप में हुई है। वह निगोही क्षेत्र के चौड़ेरा गांव की रहने वाली थी। करीब तीन साल पहले उसकी शादी त्रिलोकपुरी निवासी शिवम से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह ही रेश्मा अपने मायके से ससुराल लौटी थी। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब एक बजे घर में पति-पत्नी के बीच फिर से विवाद हो गया। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली लगने से रेश्मा की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी मायके पक्ष को दी। परिजनों के पहुंचने पर घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर सीओ सदर शुभम वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। वहीं, आरोपी पति शिवम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। मामूली विवाद के बाद पति ने पत्नी को गोली मार दी। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।