-
☰
उत्तर प्रदेश: महिला डॉक्टर से हुई छेड़खानी, दो आरोपी को किया गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर शहर में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 फरवरी की रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर शहर में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाली घटना में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 फरवरी की रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामला एम्स गोरखपुर की एक महिला डॉक्टर से छेड़खानी और बैडटच का है, जिसने पूरे शहर में आक्रोश पैदा कर दिया था। घटना 22 फरवरी की रात लगभग 8:00 बजे की है। नागालैंड की रहने वाली और एम्स गोरखपुर में कार्यरत महिला डॉक्टर ओरियन मॉल से अपने कैंपस लौट रही थीं। आरोप है कि तीन युवकों ने करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा किया, रास्ते भर अश्लील टिप्पणियां कीं और डराने-धमकाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि एक युवक ने भय का माहौल बनाने के लिए अपनी शर्ट उतार दी। जब पीड़िता एम्स के गेट नंबर-2 के पास पहुंचीं, तभी एक आरोपी ने उनके साथ बैडटच किया। महिला डॉक्टर के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलते ही गोरखपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और ओरियन मॉल से लेकर एम्स परिसर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल की पहचान हुई, जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।Abhinav Tyagi (एसपी सिटी) ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सूरज गुप्ता और अमित विश्वकर्मा को 24 फरवरी की रात गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस का कहना है कि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। शहर में महिला सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एम्स जैसी प्रतिष्ठित संस्थान की महिला डॉक्टर के साथ इस प्रकार की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और चिकित्सकों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग की है। गोरखपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
छत्तीसगढ़: बजट को युवाओं का बजट बताते हुए शिक्षा, रोजगार और नवाचार पर जोर
राजस्थान: श्री कल्याण राय मंदिर में होलिका अष्टमी पर पारंपरिक होली महोत्सव का भव्य आगाज
उत्तर प्रदेश: नवविवाहिता अंकिता तिवारी का घर में फंदे से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
हरियाणा: परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध, नकल और भीड़ पर पूर्ण प्रतिबंध
छत्तीसगढ़: “जी राम जी” योजना पर किसानों और ग्रामीणों के लिए चौपाल किया आयोजित