-
☰
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर में पैसा दोगुना स्कीम का जाल बना जानलेवा, कर्ज और तनाव में व्यक्ति ने की आत्महत्या
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद सहारनपुर में कथित ट्रेडिंग कंपनियों द्वारा पैसा दोगुना करने के नाम पर फैलाया गया जाल अब खतरनाक रूप लेता जा रहा है। नानौता क्षेत्र के गांव ओलरा में एक व्यक्ति द्वारा कर्ज और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रवीन प्रजापति 48 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रवीन एक ऐसी ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े थे, जो 20 महीनों में निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा करती थी। उन्होंने न केवल अपनी जमा-पूंजी इसमें लगाई, बल्कि अपने माध्यम से कई अन्य लोगों का भी निवेश करवाया था। पिछले कुछ समय से कंपनी द्वारा भुगतान बंद कर दिया गया था और उसके संचालक भी फरार बताए जा रहे हैं। इसके बाद निवेशकों ने प्रवीन पर अपने पैसे वापस करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। बढ़ते कर्ज और मानसिक तनाव के चलते प्रवीन ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूत्रों के अनुसार, इस फर्जी नेटवर्क का संचालन दुबई से किया जा रहा है और स्थानीय स्तर पर एजेंटों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जो लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए फंसाता है। इस घटना ने अवैध ट्रेडिंग कंपनियों के खतरनाक खेल को उजागर कर दिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद भी जिले के कई क्षेत्रों, खासकर सरसावा इलाके में ऐसे एजेंट सक्रिय हैं। हाल ही में अंबाला रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में इन कंपनियों द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें टारगेट पूरा करने वाले एजेंटों को लग्जरी गाड़ियां दी गईं। साथ ही थाईलैंड और गोवा में टूर के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया जा रहा है। प्रशासन की अपील: पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा करने वाली योजनाएं पूरी तरह फर्जी होती हैं। आम जनता से अपील की गई है कि ऐसे लालच में न आएं और अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखें।
राजस्थान: जिला उत्थान योजना की हुई समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश
राजस्थान: मुआवजा व बीमा क्लेम में भेदभाव के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
राजस्थान: कैश वैन में लगी भीषण आग, निवाई झिलाई पुलिया पर मची अफरा-तफरी
हरियाणा: विजय पर्व पर पुष्कर सिंह धामी ने सराहा डायरेक्ट सेलिंग मॉडल
उत्तर प्रदेश: गैस सिलेंडर विस्फोट से गंभीर रूप से झुलसी महिला, गांव में बना दहशत का माहौल