-
☰
उत्तर प्रदेश: बारिश ने बढ़ाई ग्रामीण खिलाड़ियों की मुश्किलें, सुविधाओं के अभाव में प्रतिभाएं प्रभावित
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बारिश का मौसम ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए परेशानी लेकर आया है। खेल मैदान और जरूरी संसाधनों की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों और खेल से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि ग्रामीण इलाकों में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। भगत सिंह खेल अकादमी के संस्थापक और राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बच्चे बाग-बगीचों, खेत-खलिहानों और खुले स्थानों पर खेल का अभ्यास करते हैं। लेकिन मौसम बदलने, बारिश होने और फसल की बुआई के दौरान इन स्थानों पर अभ्यास करना मुश्किल हो जाता है। इससे खिलाड़ियों की नियमित ट्रेनिंग प्रभावित होती है। अमरजीत यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन खेल मैदान और आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण कई खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि भगत सिंह खेल अकादमी की ओर से ‘खेल खिलाड़ी संकल्प जागरूकता अभियान’ के माध्यम से गांव-गांव अखाड़ा और हर ब्लॉक में व्यायामशाला जैसी पहल शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, उनके अनुसार पर्याप्त सरकारी और प्रशासनिक सहयोग नहीं मिलने के कारण इन प्रयासों में भी कई तरह की चुनौतियां सामने आ रही हैं। अमरजीत यादव के मुताबिक, बारिश शुरू होने के बाद निजामाबाद के मोहम्मदपुर स्थित भगत सिंह खेल अकादमी में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसके अलावा अकादमी में कुश्ती और कबड्डी के लिए पर्याप्त हॉल तथा मैट उपलब्ध नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास में परेशानी हो रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से सहयोग की मांग किए जाने की बात भी कही गई है। उन्होंने कहा कि खेलों से जुड़े उपकरण और सुविधाएं काफी महंगी हैं, ऐसे में सरकारी सहायता के बिना ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना मुश्किल है। उनका कहना है कि यदि ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, संसाधन और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलें तो वे देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों की तरह आगे बढ़ सकते हैं। अकादमी में इस समय करीब सैकड़ों खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। बारिश के कारण अभ्यास प्रभावित होने से खिलाड़ियों में निराशा की स्थिति बताई जा रही है। संस्था से जुड़े अनिल यादव, अशोक प्रसाद, अरविंद यादव, उमेश यादव, हंसराज यादव, चंद्रदेव, आदित्य सिंह, रामप्रवेश, मिथिलेश और चंद्रशेखर समेत अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सभी मिलकर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। खेल से जुड़े लोगों ने सरकार और प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान, प्रशिक्षण केंद्र और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आर्थिक और संसाधनों की कमी के कारण किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का सपना अधूरा न रह जाए।
झारखंड: देवगन डैम में मछली के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद, युवक की हुई मौत, दो आरोपी हुए गिरफ्तार
झारखंड: छतरपुर में डिज्नीलैंड मेले का हुआ भव्य शुभारंभ, फुलवारी मैदान में जुटी लोगों की भारी भीड़
उत्तर प्रदेश: निजामाबाद के विद्यालय में बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा प्रशिक्षण
झारखंड: डाली प्लस-टू विद्यालय भवन निर्माण पर हुआ विवाद, ग्रामीणों ने रुकवाया काम
हरियाणा: ऑपरेशन ट्रैक डाउन में 32 बोर अवैध पिस्टल के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार