-
☰
उत्तर प्रदेश: हत्या के मामले में वांछित दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर हुए गिरफ्तार, तमंचे और कारतूस हुए बरामद
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पुलिस चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को देवबंद निवासी जयप्रकाश ने अपने पुत्र शिवा के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान शिवा का शव बरामद होने के बाद मामले में हत्या समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दी गईं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। 29 जुलाई की सुबह देवबंद पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से मंगलौर रोड स्थित रजवाहा पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। पीछा करने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क पर उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपी गन्ने के खेत में घुसकर दोबारा पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए। पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा, बदला लेने के लिए की थी वारदात गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदि उर्फ आदित्य और सूर्यांश के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मृतक शिवा के साथ तमंचा दिखाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद शिवा और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की थी। बदला लेने की नीयत से उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शिवा की हत्या की योजना बनाई। 26 जुलाई की रात वे शिवा को घर से बुलाकर टीचर कॉलोनी के पीछे गन्ने के खेत में ले गए, जहां उसकी हत्या कर शव को वहीं छिपा दिया और फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके खिलाफ हत्या, पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश भी तेज कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश: गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का उमड़ा सैलाब, हवन-पूजन और भंडारे में जुटे सैकड़ों श्रद्धालु
बिहार: 15 साल पुराने मुआवजा मामले पर डीएम हुए सख्त, किसानों को जल्द भुगतान का दिया भरोसा
दिल्ली: जंतर-मंतर पर वॉइस ऑफ मीडिया का अनशन खत्म, पत्रकारों की मांगों पर सरकार ने दिया आश्वासन
उत्तर प्रदेश: दादरी परिवर्तन यात्रा ने पूरे किए 165 गांव, जगह-जगह मिला जनसमर्थन