-
☰
उत्तर प्रदेश: घाघरा-शारदा का जलस्तर घटा, कटान ने बढ़ाई टेंशन
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: रामपुर मथुरा क्षेत्र में घाघरा और शारदा नदियों का जलस्तर कम होने के बावजूद कटान की समस्या गंभीर होती जा रही है। नागेश्वरपुरवा और शुकुलपुरवा गांवों में नदी की धार तेजी से खेतों और आबादी की ओर बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में करीब तीन बीघा कृषि भूमि और फसल नदी में समा गई। वहीं दो ग्रामीणों के मकान भी कटान के मुहाने तक पहुंच गए हैं। शुक्रवार देर शाम प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 0.68 मीटर नीचे दर्ज किया गया। इसी तरह घाघरा नदी का पानी खतरे के निशान से 1.28 मीटर नीचे रहा। जलस्तर में कमी के बावजूद तेज बहाव के कारण नदी किनारे कटान जारी है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कटान की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रामपुर मथुरा क्षेत्र के तीन गांवों से करीब 60 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। प्रभावित लोगों को फिलहाल सुरक्षित जगहों पर रखा गया है, जबकि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। एसडीएम महमूदाबाद अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि कटान से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तैयारी की जा रही है। इन परिवारों को शुकुलपुरवा और सोहरैया में बसाने की योजना बनाई जा रही है। नदी के लगातार कटान से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जलस्तर घटने के बाद भी कटान नहीं थम रहा, जिससे खेतों के साथ-साथ आबादी पर भी खतरा मंडरा रहा है।