Contact for Advertisement 9919916171


छत्तीसगढ़: सूरजपुर के ‘शब्दबीज’ नवाचार को मिला डिजिटल विस्तार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शुभारंभ

- Photo by : social media

छत्तीसगढ़  Published by: Prabhesh Mishra , Date: 03/11/2026 04:08:10 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Prabhesh Mishra ,
  • Date:
  • 03/11/2026 04:08:10 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: सूरजपुर प्राथमिक शिक्षा में बच्चों की शब्दावली, भाषा समझ और अभिव्यक्ति क्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में संचालित शैक्षणिक पहल ‘शब्दबीज’ को अब डिजिटल रूप दिया गया है।

विस्तार

छत्तीसगढ़: सूरजपुर प्राथमिक शिक्षा में बच्चों की शब्दावली, भाषा समझ और अभिव्यक्ति क्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर जिले में संचालित शैक्षणिक पहल ‘शब्दबीज’ को अब डिजिटल रूप दिया गया है। राज्योत्सव 2026 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने स्कूल शिक्षा एवं समग्र शिक्षा विभाग के स्टॉल पर शब्दबीज नवाचार की डिजिटल HTML फाइल का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

इस डिजिटल पहल के शुरू होने से अब बच्चे शब्दबीज के माध्यम से केवल पढ़कर ही नहीं, बल्कि ऑडियो के जरिए सुनकर भी नए शब्द सीख सकेंगे। प्रतिदिन जारी होने वाले शब्दों के अर्थ, अंग्रेजी रूप, सही उच्चारण और वाक्यों में प्रयोग को ऑडियो के माध्यम से सुना जा सकेगा। इससे बच्चों को शब्दों को समझने और उनका सही तरीके से इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।

मोबाइल पर मिलेगी डिजिटल सामग्री

शब्दबीज की HTML फाइल व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से शिक्षकों और संबंधित सदस्यों के मोबाइल पर साझा की जा रही है। इसे गूगल क्रोम पर आसानी से खोला जा सकता है। फाइल में प्रतिदिन के नए शब्द के साथ उसका सरल हिंदी अर्थ, अंग्रेजी रूप, उच्चारण और उदाहरण वाक्य दिए गए हैं। प्रत्येक शब्द के साथ स्पीकर बटन भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे दबाने पर शब्द और उससे जुड़ी पूरी जानकारी ऑडियो में सुनी जा सकती है। शिक्षक कक्षा में मोबाइल के माध्यम से बच्चों को सुनने और बोलने का अभ्यास भी करा सकेंगे।

पढ़ने के साथ सुनने और बोलने पर जोर

शब्दबीज नवाचार का उद्देश्य बच्चों को केवल शब्द याद कराना नहीं, बल्कि उनका अर्थ समझने, सही उच्चारण करने, पढ़ने-लिखने और वाक्य निर्माण करने में सक्षम बनाना है। डिजिटल और ऑडियो सुविधा जुड़ने से सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। शिक्षकों से अपील की गई है कि वे नियमित रूप से इस डिजिटल सामग्री का कक्षा में उपयोग करें और बच्चों को शब्द सुनने, दोहराने तथा स्वयं वाक्य बनाने के अवसर दें।

शब्द उत्सव की गतिविधियों ने अतिथियों को किया आकर्षित

राज्योत्सव में शब्दबीज नवाचार के स्टॉल पर प्रदर्शित ‘शब्द उत्सव’ की गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। अतिथियों ने ‘शब्द जमाओ’, ‘शब्दवीर बनो’ और ‘शब्दबीज ज्ञान चक्र घुमाओ, पहेली बूझो’ जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से शब्दों को जोड़ने, पहचानने, उनके अर्थ समझने और पहेलियां हल करने का अनुभव लिया गया। अतिथियों ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे बच्चों में भाषा कौशल विकसित करने और खेल-खेल में सीखने का प्रभावी प्रयास बताया।