-
☰
हरियाणा: लोकलाज के डर से झाड़ियों में नवजात छोड़ने वाला युवक हुआ गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हिसार पुलिस ने नवजात शिशु को झाड़ियों में छोड़ने के एक संवेदनशील और गंभीर मामले का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
हरियाणा: हिसार पुलिस ने नवजात शिशु को झाड़ियों में छोड़ने के एक संवेदनशील और गंभीर मामले का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन (आईपीएस) के नेतृत्व में शहर थाना पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नवजात को समय रहते सुरक्षित बचाकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आवश्यक चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को शहर थाना पुलिस को सूचना मिली कि ऋषि नगर क्षेत्र में झाड़ियों के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अनिल कुमार, निवासी गांव नियाणा (जिला हिसार), और उसकी प्रेमिका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि सामाजिक बदनामी और लोकलाज के डर से दोनों ने बच्चे के जन्म के तुरंत बाद नवजात को ऋषि नगर क्षेत्र की झाड़ियों में छोड़ दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 91 एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि मानव जीवन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अमानवीय कृत्य को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस ऐसे मामलों में पूरी संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नवजात और बच्चों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि किसी को इस प्रकार की कोई घटना या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी मासूम की जान बचाई जा सके। हिसार पुलिस ने दोहराया कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।