Contact for Advertisement 9919916171


झारखण्ड: अनाथ बच्चों के साथ उपायुक्त ने मनाया जन्मदिन, बांटी खुशियां और दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

- Photo by : social media

झारखण्ड  Published by: Arun Kumar Ravi , Date: 22/07/2026 05:33:09 pm Share:
  • झारखण्ड
  • Published by: Arun Kumar Ravi ,
  • Date:
  • 22/07/2026 05:33:09 pm
Share:

विस्तार

झारखण्ड: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं के साथ मनाकर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। बुधवार को उन्होंने मेदिनीनगर स्थित सिंचाई विभाग परिसर के वात्सल्य धाम, संप्रेषण गृह तथा स्टेशन रोड स्थित मिशनरीज ऑफ चैरिटी पहुंचकर अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक उपायुक्त का स्वागत किया और उन्हें केक खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने भी बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उनसे बातचीत कर उनके साथ यादगार पल साझा किए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

उपायुक्त ने बच्चों के बीच मिठाइयों का वितरण किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बेहतर शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें समाज के जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ खुशियां बांटने का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर समाज के वंचित वर्ग, विशेष रूप से बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करना चाहिए। यही सच्ची सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की पहचान है। उनके अनुसार, किसी जरूरतमंद के जीवन में छोटी-सी खुशी भी बड़ा बदलाव ला सकती है।

उपायुक्त की इस संवेदनशील पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। संस्थान के बच्चों ने भी उनके साथ बिताए गए इन पलों को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में आत्मीयता, स्नेह और अपनत्व का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि यदि हर व्यक्ति अपने विशेष अवसरों की खुशियां जरूरतमंदों के साथ साझा करे, तो समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।