Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: कोर्ट के आदेश पर पाली में 40 साल पुराना दो मंजिला मकान ध्वस्त, सुबह 5 बजे पहुंचा प्रशासनिक अमला

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Mahendra Ram , Date: 03/11/2026 03:54:10 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Mahendra Ram ,
  • Date:
  • 03/11/2026 03:54:10 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र स्थित सरदार पटेल नगर में मंगलवार सुबह प्रशासन और नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर रास्ते की जमीन पर बने करीब 40 साल पुराने दो मंजिला मकान को ध्वस्त कर दिया गया।

विस्तार

राजस्थान: पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र स्थित सरदार पटेल नगर में मंगलवार सुबह प्रशासन और नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर रास्ते की जमीन पर बने करीब 40 साल पुराने दो मंजिला मकान को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक टीम सुबह करीब 5 बजे मौके पर पहुंच गई थी, जबकि सुबह 7:54 बजे जेसीबी की मदद से मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम विमलेंद्र सिंह राणावत, एएसपी ओमप्रकाश चौधरी, सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत और नगर निगम आयुक्त सहित पुलिस व नगर निगम का भारी जाब्ता तैनात रहा। एहतियात के तौर पर मकान के दोनों ओर के रास्तों को बंद कर दिया गया, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

मामला 27 अक्टूबर को 43 वर्षीय कारोबारी सुशील डागा पर हुए जानलेवा हमले से भी जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री से स्कूटी पर घर लौट रहे सुशील डागा पर हर्षित मेवाड़ा सहित कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया था। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण को लेकर सुशील डागा ने भिखाराम मेवाड़ा के खिलाफ न्यायालय में मामला दायर किया था।

हमले के बाद 28 अक्टूबर को श्री संघ सभा के नेतृत्व में जैन समाज के बड़ी संख्या में लोग जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र भारद्वाज और एसपी मोनिका सैन से मिले थे। उन्होंने न्यायालय के आदेश की पालना कराते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले में सक्रियता दिखाई और मंगलवार सुबह कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, करीब एक साल पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिवार के विरोध के चलते उस समय कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इस बार पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से मकान को ध्वस्त कर दिया गया।