Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का हुआ भव्य शुभारंभ, निकाली गई तिरंगा रैली

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Indresh Kumar Pandey , Date: 11/08/2026 10:49:50 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Indresh Kumar Pandey ,
  • Date:
  • 11/08/2026 10:49:50 am
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का शुभारंभ प्रयागराज में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल से किया गया। इस मौके पर चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर पहुंचने के बाद अतिथियों और मौजूद लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर शहीद आजाद को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक भावनाओं से जुड़ी रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। छात्राओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज नगर निगम के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि उनके त्याग और शहादत को याद करने तथा सम्मान देने के उद्देश्य से देशभर में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रयागराज में 9 से 17 अगस्त तक अलग-अलग स्थानों पर देशभक्ति और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। कार्यक्रम स्थल पर क्षेत्रीय अभिलेखागार, प्रयागराज की ओर से काकोरी ट्रेन एक्शन और हर घर तिरंगा थीम पर आधारित अभिलेख प्रदर्शनी भी लगाई गई। अतिथियों और लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा, शिक्षा, होमगार्ड, स्काउट एवं संस्कृति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन पाण्डुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर और क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने किया, जबकि संचालन संस्कृति विभाग के हरिश्चंद्र दुबे ने किया।


Featured News