-
☰
हरियाणा: अपराध नियंत्रण को लेकर हांसी पुलिस हुई सख्त, एसपी विनोद कुमार ने ली क्राइम रिव्यू मीटिंग
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: हांसी जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार, आईपीएस ने गुरुवार को अपने कार्यालय में सभी थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण क्राइम रिव्यू मीटिंग की। बैठक में जिले की अपराध स्थिति, लंबित मामलों और गंभीर अपराधों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान एसपी ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, वाहन चोरी, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध तथा एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों में जांच की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसपी विनोद कुमार ने वांछित अपराधियों, उद्घोषित अपराधियों (PO), बेल जंपरों और आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। बैठक में नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों और जुआ-सट्टा गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, नाकाबंदी को प्रभावी बनाने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। एसपी विनोद कुमार ने स्पष्ट किया कि हांसी पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और जिले को सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।