-
☰
राजस्थान: भामाशाह शिक्षकों की पहल, 90 छात्राओं को मिले स्कूल बैग और विद्यालय को मिला कलर प्रिंटर
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी का प्रेरक उदाहरण सामने आया है। ग्राम पुरुषोत्तमपुरा स्थित राजकीय बालिका वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सामग्री भेंट कर शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। विद्यालय के शिक्षक अशोक कुमार यादव ने कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत सभी 90 छात्राओं और कुक कम हेल्पर को उच्च गुणवत्ता के स्कूल बैग वितरित किए। वहीं विद्यालय में कार्यरत शिक्षक धर्मपाल कन्नौजिया ने विद्यालय के कार्यालयीन कार्यों को बेहतर बनाने के लिए एक कलर प्रिंटर भेंट किया। इसके अलावा ग्रामीण नरेंद्र सिंह तंवर ने सभी छात्राओं को पेन, पेंसिल और अन्य स्टेशनरी सामग्री वितरित कर उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया। सामग्री प्राप्त कर छात्राओं ने खुशी जाहिर करते हुए भामाशाहों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष वर्मा ने शिक्षकों अशोक कुमार यादव और धर्मपाल कन्नौजिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि दोनों शिक्षक पहले भी विद्यालय के विकास के लिए आर्थिक और भौतिक संसाधनों के रूप में निरंतर सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। इस अवसर पर पीईईओ ललिता भट्ट, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि गजानंद टीलावत, पूर्व आहरण एवं वितरण अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, एसडीएमसी अध्यक्ष सुगन चंद गुर्जर सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक, ग्रामीण और महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।