Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: ड्रोन सिटी का आगाज़, तकनीकी क्रांति और युवाओं के रोजगार को मिलेगी नई उड़ान

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 16/05/2026 05:07:19 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 16/05/2026 05:07:19 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हांसी की ऐतिहासिक धरती से शुरू हुई ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट आने वाले समय में हरियाणा को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी।

विस्तार

हरियाणा: प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हांसी की ऐतिहासिक धरती से शुरू हुई ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट आने वाले समय में हरियाणा को तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि अब भारत केवल विदेशी तकनीकों का उपभोक्ता नहीं, बल्कि नई तकनीक विकसित कर विश्व को दिशा देने वाला देश बन रहा है। हरियाणा का युवा विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की क्षमता रखता है। कृष्ण बेदी हांसी जिला के सिसाय में आयोजित ड्रोन मैन्युफैक्चरिंग एवं प्रशिक्षण परियोजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, विधायक विनोद भयाना, जिला परिषद चेयरमैन सोनू डाटा, आईएएस अधिकारी वंदना दिसोदिया ,संयुक्त निदेशक जयप्रकाश,एवीपीएल के फाउंडर लेफ्टिनेंट जनरल आर. के आनंद, एसडीएम विकास यादव , डीएसपी रविंद्र सांगवान, दीप सिहाग एमडी डॉ. प्रीति संधू, गांव के सरपंच राजेश,सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कृष्ण बेदी ने कहा कि दीप सिसाय एवं उनकी टीम ने गांव की धरती पर आधुनिक ड्रोन निर्माण इकाई स्थापित कर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जापान, अमेरिका, जर्मनी और चीन जैसे देशों ने भी छोटी तकनीकी इकाइयों से शुरुआत कर वैश्विक पहचान बनाई थी। इसी प्रकार हरियाणा भी अब तकनीकी नवाचार और आधुनिक उद्योगों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यह है कि अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को ड्रोन टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की भी पहल की गई है। 

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। बेदी ने कहा कि आज के समय में युवाओं को पारंपरिक रोजगारों के साथ-साथ ड्रोन संचालन, मोबाइल रिपेयरिंग एवं तकनीकी आधारित व्यवसायों की ओर भी बढ़ना चाहिए। सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार उपलब्ध करवाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा युवाओं को स्वरोजगार के लिए अनेक योजनाओं के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पहले डेढ़ लाख रुपये तक के ऋण पर गारंटी की आवश्यकता होती थी, लेकिन अब योग्य युवाओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही सब्सिडी राशि भी बढ़ाई गई है ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। 

सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण सीमा बढ़ाने की दिशा में भी कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी तथा विधायक विनोद भयाना ने गांव में स्थापित ड्रोन सिटी का विधिवत रूप से उद्घाटन किया और प्रशिक्षित ड्रोन पायलटो को प्रमाण पत्र वितरित किया। इस संस्था के संस्थापक दीप सिहाग ने बताया कि 500 युवाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जाएगी। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि वर्तमान समय ड्रोन तकनीक का समय है और इसका महत्व रक्षा, कृषि तथा विभिन्न विकास कार्यों में लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में ड्रोन सिटी के रूप में विकसित होने की अपार संभावनाएं हैं, जिससे युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा का युवा आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहा है। ड्रोन टेक्नोलॉजी भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण तकनीकों में से एक है और हांसी क्षेत्र में इस प्रकार की आधुनिक यूनिट स्थापित होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा हरियाणा तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा