Contact for Advertisement 9919916171


मध्य प्रदेश: लोकायुक्त कार्रवाई में 75 हजार की रिश्वत लेते सहायक खंड लेखापाल हुआ गिरफ्तार

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Durgesh Kumar Gupta , Date: 02/06/2026 03:36:24 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by: Durgesh Kumar Gupta ,
  • Date:
  • 02/06/2026 03:36:24 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: शहडोल जिले के ब्यौहारी तहसील परिसर में रीवा लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को 75,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: शहडोल जिले के ब्यौहारी तहसील परिसर में रीवा लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक खंड लेखापाल लल्लू प्रजापति को 75,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक सरकारी मकान से जुड़े मामले को निपटाने और अवैध कब्जा हटवाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, बाणसागर निवासी शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक, जो नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं, ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी कर्मचारी उनके सरकारी मकान के मामले को निपटाने के नाम पर लगातार पैसों की मांग कर रहा था।

शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी लल्लू प्रजापति पहले ही पीड़ित से 35,000 रुपये एडवांस के रूप में ले चुका था और शेष 75,000 रुपये की मांग कर रहा था। लगातार दबाव से परेशान होकर पीड़ित ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने तहसील कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही पीड़ित ने आरोपी को 75,000 रुपये की नकद राशि सौंपी, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाने पर वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में ब्यौहारी क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी लोकायुक्त कार्रवाई है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
 


Featured News