Contact for Advertisement 9919916171


तेलंगाना: काला जादू के शक में 53 वर्षीय कारोबारी की हुई हत्या, छह आरोपी हुए गिरफ्तार

- Photo by : social media

तेलंगाना  Published by: Farooq Miya , Date: 08/09/2026 11:08:43 am Share:
  • तेलंगाना
  • Published by: Farooq Miya ,
  • Date:
  • 08/09/2026 11:08:43 am
Share:

विस्तार

तेलंगाना: हैदराबाद फल्कनुमा थाना क्षेत्र में 53 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी मोहम्मद महबूब अली की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो एक्टिवा, छह चाकू और खंजर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना 30 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे वट्टेपल्ली इलाके में अलमास होटल के सामने हुई थी। पुलिस के मुताबिक, महबूब अली पर चाकू और खंजर से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें प्रिंसेस एसरा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे मोहम्मद शनवाज की शिकायत पर फल्कनुमा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली और 3 सितंबर को छह आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मिर्जा मोहसिन बेग को शक था कि महबूब अली ने उसकी मां पर काला जादू किया है, जिसके कारण वह लंबे समय से बीमार थीं।

उसे अपने मामा की मौत के पीछे भी महबूब अली द्वारा किए गए कथित काले जादू का शक था। पुलिस के मुताबिक, इसी शक के चलते मोहसिन ने अपने चचेरे भाई मोहम्मद इमरान अहमद को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर महबूब अली की हत्या की कथित साजिश रची। 30 अगस्त की रात महबूब अली के अलमास होटल के पास होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी एक होटल में इकट्ठा हुए। इसके बाद वे दो एक्टिवा पर सवार होकर चाकू और खंजर लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने महबूब अली को रोककर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मिर्जा मोहसिन बेग, मोहम्मद इमरान अहमद, मोहम्मद नसीर, शेख अकरम, मोहम्मद अबरार अली और मोहम्मद सामी उर्फ शटर को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। सभी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि काला जादू जैसी अंधविश्वास वाली बातों पर भरोसा न करें और किसी भी विवाद या शक की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस से संपर्क करें।