-
☰
उत्तर प्रदेश: बेरोजगारी और सुविधाओं की कमी को लेकर अमरजीत यादव ने सरकार पर साधा निशाना
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: डबल इंजन सरकार पर हमला बोलते हुए अमरजीत यादव ने उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और प्रदेश से हो रहे पलायन को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के युवाओं के सामने रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं और बड़ी संख्या में लोग मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। अमरजीत यादव ने कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है और यहां के युवा देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इसके बावजूद रोजगार, सुविधाओं और संसाधनों के मामले में प्रदेश अपेक्षित प्रगति नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में मजदूर वर्ग में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों की बड़ी संख्या देखने को मिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी कंपनियों, फैक्ट्रियों और रोजगार देने वाली एजेंसियों को पर्याप्त प्रोत्साहन क्यों नहीं दिया जा रहा है। उनके अनुसार यदि प्रदेश में बड़े स्तर पर औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो पलायन पर रोक लग सकती है और स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिल सकती है। अमरजीत यादव ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों को बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा समाज में जागरूकता पैदा करती है और शिक्षित युवा सरकार से सवाल करने की क्षमता रखता है। उन्होंने शिक्षा और खेल के बजट को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों को संरक्षण दे रही है, जबकि किसान, मजदूर, महिलाएं और बेरोजगार युवा उपेक्षित हैं। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने और कंपनियों द्वारा मनमाने तरीके से उपभोक्ताओं से वसूली किए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया। अमरजीत यादव ने कहा कि इन समस्याओं के खिलाफ लोगों को अपने अधिकारों और संवैधानिक अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रोजगार, शिक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में परिस्थितियां और गंभीर हो सकती हैं।
बिहार: सिवान में विरोध-प्रदर्शन से पहले प्रशासन हुई अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च
गुजरात: चलादर डेयरी में अनियमितताओं के लगे आरोप, जांच की मांग हुई तेज़
झारखण्ड: जय नंदिनी ट्रांसपोर्टिंग शुरू होते ही बिगड़ी सड़क व्यवस्था, जाम से परेशान हुए ग्रामीण
उत्तर प्रदेश: मिशन सहयोग के तहत पुलिस ने बरामद किए 101 गुम मोबाइल, मालिकों को सौंपे गए