Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 27/08/2026 01:31:37 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 27/08/2026 01:31:37 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: शामली के शामली जिले में हरियाणवी के मशहूर सिंगर एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: शामली के शामली जिले में हरियाणवी के मशहूर सिंगर एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब अंकित जिम से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान करीब 3-4 अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली शामली क्षेत्र में डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान को जिम से निकलते समय अज्ञात लोगों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली शामली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की और घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए घटना से जुड़े साक्ष्यों को सुरक्षित किया। साथ ही आसपास के क्षेत्र में मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

26/27 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि में एडीजी मेरठ भानु भास्कर और डीआईजी सहारनपुर मंडल अभिषेक सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अंकित बालियान की हत्या की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और परिचितों में शोक की लहर है।