Contact for Advertisement 9919916171



उत्तर प्रदेश: ईद-उल-जुहा को शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 27/05/2026 05:52:03 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 27/05/2026 05:52:03 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में थाना चिलकाना क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील भी की। क्षेत्राधिकारी सदर एवं थाना प्रभारी चिलकाना के नेतृत्व में आरआरएफ और भारी पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम पटनी, बुड्ढाखेड़ा और सलीरी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस बल के गांवों में पहुंचने पर लोगों में सुरक्षा का विश्वास दिखाई दिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, धार्मिक नेताओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित किया तथा त्यौहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि ईद-उल-जुहा का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिलजुलकर पर्व मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान जनपद पुलिस लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सतर्क निगरानी बनाए रखेगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सहारनपुर पुलिस हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी है और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।