Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: बकरीद को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से की जाएगी निगरानी

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 27/05/2026 11:01:15 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 27/05/2026 11:01:15 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपद सहारनपुर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर के आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपद सहारनपुर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इसी क्रम में जनपद के सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की जा रही है। फ्लैग मार्च में जनपद पुलिस बल के साथ-साथ आर ए एफ एवं पी ए सी की टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं। अधिकारियों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों से लगातार संवाद स्थापित कर शासन एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है, ताकि त्योहार पूर्णत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। 

आमजन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया जा रहा है, कि सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों एवं अनुमन्य ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही किया जाएगा। साथ ही प्रतिबंधित पशुओं का कटान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा सार्वजनिक एवं गैर-परंपरागत स्थलों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। पुलिस प्रशासन द्वारा धर्मगुरुओं, मौलाना एवं मौलवियों से भी अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लोगों को शासन की गाइड लाइंस का पालन करने हेतु जागरूक करें, तथा आपसी भाईचारे एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। 

जनपद पुलिस की विशेष टीमें 24×7 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को मॉनिटर कर रही हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पर्व के दौरान स्वच्छता एवं अवशेष प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई है। कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं तथा अवशेषों के सुरक्षित निस्तारण हेतु विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। डंपिंग ग्राउंड्स एवं संबंधित स्थलों पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी रहेगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह अथवा अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे व्यापक क्षेत्र पर नजर रखी जा सके तथा किसी भी संदिग्ध अथवा आपत्तिजनक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सहारनपुर पुलिस की आमजन से अपील है कि त्योहार को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उपरोक्त विवरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद सहारनपुर माननीय अभिनंदन सिंह के द्वारा बाईट देकर बताया गया।