-
☰
उत्तर प्रदेश: 11 स्थानों पर लगेंगे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, महापौर अजय कुमार सिंह ने किया शुभारंभ
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर नगर निगम सहारनपुर ने जल संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत सरकार की ‘सैलो एक्वीफर मैनेजमेंट’ योजना के तहत महानगर में 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शुरुआत की गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सहारनपुर नगर निगम सहारनपुर ने जल संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत सरकार की ‘सैलो एक्वीफर मैनेजमेंट’ योजना के तहत महानगर में 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शुरुआत की गई है। गुरुवार को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने रिबन काटकर और नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के लिए पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट, देहरादून की ओर से तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। नगर निगम के महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि भारत सरकार की इस योजना के अंतर्गत चार चरणों में 50 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य वर्षा जल का संचयन कर भूजल स्तर को बेहतर बनाने और जल संरक्षण को बढ़ावा देना है। इसके लिए पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि महानगर में जिन 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे, उनमें डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, दिल्ली रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी, एमआरएफ सेंटर के निकट ज्ञान विहार कॉलोनी, मातागढ़ स्थित जलकल विभाग परिसर, कोलागढ़ तालाब, हलालपुर तालाब, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, गोगा महाड़ी परिसर, जिला अस्पताल और इस्लामिया डिग्री कॉलेज शामिल हैं। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम जल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार नए प्रयास कर रहा है। जिन तालाबों और पोखरों की स्थिति खराब हो गई थी, उनके पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महानगर में पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, लीकेज रोकने और पानी की बर्बादी कम करने के लिए स्काडा (SCADA) मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की गई है। महापौर ने कहा कि जल संचयन और संरक्षण के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। इन योजनाओं से वर्षा जल को संरक्षित करने और भविष्य में पानी की उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उपसभापति मयंक गर्ग, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़ और क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र कोहली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।