-
☰
राजस्थान: एक करोड़ की फिरौती के लिए अपहरण किए गए युवक को पुलिस ने छुड़ाया, दो बदमाश हथियारों सहित हुए गिरफ्तार
- Photo by : social media
विस्तार
राजस्थान: कोटपूतली-बहरोड़ टोंक जिले के निवाई से एक युवक का अपहरण कर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि निवाई क्षेत्र से युवक के अपहरण के बाद उसके परिजनों से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सरुण्ड थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाश वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें अपहृत युवक सकुशल मिला। पुलिस ने युवक को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने थाना क्षेत्र के नौरंगपुरा गांव में विशेष घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में कुल पांच बदमाश शामिल थे। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीन आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में टोंक जिले के निवाई थाने में अपहरण और फिरौती का प्रकरण दर्ज है। अब कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस आगे की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।