Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: गोण्डा में पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश हुए गिरफ्तार, चोरी के जेवरात और तमंचा हुआ बरामद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ghanshyam Das , Date: 27/08/2026 12:20:21 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Ghanshyam Das ,
  • Date:
  • 27/08/2026 12:20:21 pm
Share:

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गोण्डा थाना छपिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी छपिया ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को थाना छपिया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिरहीपुर बाग के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया, तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी तिलकराम उर्फ झिन्कू के दाहिने पैर में गोली लग गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिलकराम उर्फ झिन्कू पुत्र परशुराम, निवासी भेलखा, थाना छपिया, जनपद गोण्डा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण, 17,100 रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।

बरामद सामान में पीली धातु की अंगूठी और लॉकेट, चांदी की करधनी, पांच जोड़ी पायल और एक जोड़ी बिछिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, थाना छपिया क्षेत्र में 25 मई 2026 की रात एक घर में घुसकर महिला और उसकी बहू के साथ मारपीट कर नगदी व सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने तथा 28 जून 2026 की रात एक अन्य घर में घुसकर वृद्ध महिला को असलहे के बल पर धमकाकर आभूषण लूटने की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। पूछताछ में आरोपी ने थाना छपिया के अलावा थाना खोड़ारे और थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में भी लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस ने चार मामलों का खुलासा होने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ थाना छपिया में धारा 109(1) बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोण्डा, बस्ती समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है और अतिरिक्त बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना छपिया प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी मनीष कुमार सहित एसओजी, सर्विलांस और थाना छपिया के पुलिसकर्मी शामिल रहे।