-
☰
छत्तीसगढ़: सूरजपुर में 49 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ सीखा ‘सतर्क’, शिक्षा में नई पहल की हुई शुरुआत
- Photo by : social media
संक्षेप
छत्तीसगढ़: सूरजपुर जिले में प्राथमिक शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। कलेक्टर रेना जमील की प्रेरणा से संचालित शैक्षणिक नवाचार ‘शब्दबीज’ को विस्तार देते हुए अब ‘एक जिला–एक शब्द’ अभियान भी शुरू किया गया है।
विस्तार
छत्तीसगढ़: सूरजपुर जिले में प्राथमिक शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। कलेक्टर रेना जमील की प्रेरणा से संचालित शैक्षणिक नवाचार ‘शब्दबीज’ को विस्तार देते हुए अब ‘एक जिला–एक शब्द’ अभियान भी शुरू किया गया है। इसके तहत जिले की पहली से पांचवीं कक्षा तक के करीब 49 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ सप्ताह का साझा शब्द ‘सतर्क’ सीखा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की शब्दावली बढ़ाने के साथ उनमें सामूहिक रूप से सीखने की भावना विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यह अनुभव कराने का प्रयास किया जा रहा है कि वे केवल अपने विद्यालय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे जिले के हजारों बच्चे एक ही शैक्षणिक गतिविधि में भाग ले रहे हैं। ‘शब्दबीज’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रतिदिन नए शब्द सिखाए जाते हैं, जिससे उनकी भाषा संबंधी समझ और अभिव्यक्ति क्षमता बेहतर हो सके। अब ‘एक जिला–एक शब्द’ पहल के जरिए इस प्रक्रिया को सामूहिक स्वरूप दिया गया है। जिले के अलग-अलग गांवों और विद्यालयों में बच्चे एक ही दिन एक साझा शब्द सीखेंगे, जिससे उनमें एकजुटता और सीखने के प्रति रुचि बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अभियान के तहत शिक्षक विद्यार्थियों को शब्द का अर्थ समझाने के साथ उसका सही उच्चारण, वाक्य में प्रयोग और दैनिक जीवन में उपयोग भी बताएंगे। इससे बच्चों को शब्दों को केवल याद करने के बजाय उनके व्यावहारिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन की इस पहल से प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को नियमित रूप से नए शब्द सीखने और अपनी भाषा क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, एक साझा शैक्षणिक गतिविधि के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।