-
☰
हरियाणा: रक्षाबंधन पर विधायक विनोद भयाना को 24 गाइड्स ने बांधी राखी, बेटियों को दिए गए उपहार
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: हांसी विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड की गाइड विंग की सदस्यों के साथ रक्षाबंधन महोत्सव धूमधाम से मनाया।
विस्तार
हरियाणा: हांसी विधायक विनोद भयाना ने शुक्रवार को हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड की गाइड विंग की सदस्यों के साथ रक्षाबंधन महोत्सव धूमधाम से मनाया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंची 24 गाइड्स ने विधायक विनोद भयाना को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन के पर्व की खुशियां साझा कीं। विधायक ने सभी गाइड्स को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के राज्य प्रशिक्षक नरेश कुमार ने विधायक विनोद भयाना तथा उनके पर्सनल असिस्टेंट दिनेश भूटानी को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने विधायक को जिले में संचालित की जा रही स्काउटिंग गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्काउट एंड गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है। राज्य प्रशिक्षक ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल गाइड्स ने इस वर्ष 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित परेड में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने स्काउट एंड गाइड की आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की भी जानकारी विधायक को दी। इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना ने गाइड्स के साथ आत्मीय संवाद किया और रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राखी का त्योहार भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और आपसी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने रिश्तों की गरिमा बनाए रखने और एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखने का संदेश देता है। विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन में हमेशा अच्छी बातों और सकारात्मक विचारों को अपनाना चाहिए। शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्काउट एंड गाइड संगठन विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रहित की भावना पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विधायक विनोद भयाना ने कहा कि समाज और मानव कल्याण से जुड़ी गतिविधियां जब भी आयोजित हों, उनमें स्काउट एंड गाइड के सदस्यों की अग्रणी भूमिका होनी चाहिए। स्काउट एंड गाइड का मूल उद्देश्य ही सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अनुशासन में रहकर जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज के लिए उपयोगी कार्य करना युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विधायक ने गाइड्स द्वारा 15 अगस्त की परेड में किए गए शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और स्काउट एंड गाइड जैसी गतिविधियां उन्हें आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। विधायक श्री विनोद भयाना ने सभी गाइड्स को उपहार भेंट किए और उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। विधायक ने सभी प्रतिभागियों के साथ जलपान किया तथा राखी महोत्सव में शामिल होने के लिए उनका धन्यवाद किया। इस अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के राज्य प्रशिक्षक श्री नरेश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों की गाइड्स एवं अन्य संबंधित सदस्य मौजूद रहे।