Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: रक्षाबंधन पर डीसी राहुल नरवाल को 38 गाइड्स ने बांधी राखी, बच्चों को मिला अनुशासन और सफलता का संदेश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 29/08/2026 11:21:09 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 29/08/2026 11:21:09 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों ने उपायुक्त राहुल नरवाल के साथ राखी उत्सव मनाया।

विस्तार

हरियाणा: हांसी भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों ने उपायुक्त राहुल नरवाल के साथ राखी उत्सव मनाया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों से आए करीब 38 गाइड्स ने उपायुक्त को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला सचिव अमरजीत सिंह पानू, राज्य प्रशिक्षक नरेश कुमार एवं कोषाध्यक्ष दीपक जांगड़ा की अगुवाई में किया गया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे गाइड्स ने उपायुक्त राहुल नरवाल को राखी बांधकर उत्सव को उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल नरवाल ने सभी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों का मुंह मीठा करवाते हुए उनसे बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण का विशेष महत्व है। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन के लक्ष्य पर भी पूरी तरह ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का सपना देखते हैं, इसलिए बच्चों को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा अच्छी बातों को ग्रहण करें, सकारात्मक सोच रखें और नकारात्मक विचारों से दूर रहें। कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेते हुए निरंतर आगे बढ़ना ही सफलता का मार्ग है। स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना विकसित करती है। उपायुक्त राहुल नरवाल ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सहयोग की भावना तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति सेवा भाव विकसित होता है।

उन्होंने हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ी को भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। गाइड्स ने उपायुक्त के साथ राखी उत्सव मनाते हुए अपने अनुभव साझा किए। उपायुक्त ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तथा अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं विभिन्न विद्यालयों से आए गाइड्स उपस्थित रहे।