Contact for Advertisement 9919916171


उत्तर प्रदेश: शादी में युवक ने नकली बंदूक के साथ किया डांस, वीडियो वायरल

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Omprakash Tiwari , Date: 26/02/2026 01:43:14 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Omprakash Tiwari ,
  • Date:
  • 26/02/2026 01:43:14 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र से एक 46 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र से एक 46 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सूट-बूट पहने एक युवक मंच पर डांस कर रही नर्तकियों के बीच ठुमके लगाता दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि युवक के एक हाथ में बंदूक जैसी वस्तु और दूसरे हाथ में पैसों की गड्डी नजर आ रही है। डांस के दौरान वह नर्तकियों पर पैसे उड़ाते हुए कथित तौर पर असलहा भी लहराता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। कसया थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, वीडियो उनके संज्ञान में है और जांच की गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि वीडियो में दिख रहा युवक सपहा गांव का निवासी है, जो पान का स्टॉल लगाता है। पुलिस के मुताबिक, 25 फरवरी को सपहा गांव से एक बारात गई थी। उसी मांगलिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर यह वीडियो बनाया गया। कार्यक्रम स्थल पर लगे पान स्टॉल पर एक नकली बंदूक रखी थी, जिसे युवक ने उठाकर डांस करना शुरू कर दिया। पुलिस का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रही बंदूक असली नहीं, बल्कि नकली (टॉय गन) थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह हथियारनुमा वस्तु लहराना, चाहे वह नकली ही क्यों न हो, गलत संदेश देता है और इससे समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बन सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कह रही है।