Contact for Advertisement 9919916171


असम: NH-27 की बदहाल सड़क से बढ़ी यात्रियों की परेशानी, मरम्मत की मांग हुई तेज

- Photo by : social media

असम  Published by: Rajib Doloi , Date: 04/08/2026 05:22:51 pm Share:
  • असम
  • Published by: Rajib Doloi ,
  • Date:
  • 04/08/2026 05:22:51 pm
Share:

विस्तार

असम: राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ऊपरी असम से गुवाहाटी के बीच टोपाटली क्षेत्र में सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन हादसे और यातायात संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को नागांव से गुवाहाटी की ओर ईंट लेकर जा रहा एक वाहन सड़क की खराब स्थिति के कारण असंतुलित होकर पलट गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने हाईवे की बदहाल स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

NH-27 पूर्वोत्तर भारत का एक प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिस पर तेजपुर, शिवसागर, डिब्रूगढ़ सहित ऊपरी असम के कई जिलों के अलावा अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम से आने-जाने वाले हजारों वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति से यात्रियों और परिवहन से जुड़े लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनापुर टोल प्लाजा पर वाहनों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जाता है, लेकिन सड़क की मरम्मत समय पर नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि NH-27 की मरम्मत शीघ्र नहीं कराई गई, तो वे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।