Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: सुप्रीम कोर्ट के राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत हांसी में हुआ 1,500 पौधों का रोपण व वितरण

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 04/08/2026 05:26:19 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 04/08/2026 05:26:19 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: माननीय सर्वोच्च न्यायालय के राष्ट्रव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत उप-मंडल विधिक सेवा समिति (एसडीएलएससी) हांसी द्वारा पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एसडीजेएम एवं उप-मंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष आशुतोष ने किया। अभियान के दौरान उप-मंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 1,500 फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण और रोपण किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एसडीजेएम आशुतोष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जलवायु परिवर्तन से निपटने, प्रदूषण कम करने, भूजल संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ताओं और अधिकार मित्रों ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पौधों का वितरण कर ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को सार्वजनिक स्थानों पर वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। समिति की ओर से कहा गया कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। जनसहभागिता से हांसी को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने का संकल्प भी दोहराया गया।