Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: झज्जर में 327 पत्रकार हुए सम्मानित, श्रमजीवी पत्रकार संघ का समारोह हुआ संपन्न

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 25/08/2026 11:43:40 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 25/08/2026 11:43:40 am
Share:

विस्तार

हरियाणा: श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की ओर से आयोजित नौवां प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह झज्जर में भव्य एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा और मुकेश वशिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की, जबकि कार्यक्रम के संयोजक झज्जर जिला इकाई के अध्यक्ष ललित गोठवाल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद प्रदेश की विभिन्न जिला इकाइयों के अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन और अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में पत्रकारिता, समाजसेवा और कला जगत से जुड़ी कई हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में हरियाणवी हास्य कलाकार महेंद्र सिंह उर्फ झंडू ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रसिद्ध जादूगर तुलसी और बाल जादूगर युग ने जादुई प्रस्तुतियां दीं। वहीं मोटिवेशनल स्पीकर अली अख्तर खान ने पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया।

संघ के प्रदेश महासचिव नवीन बंसल ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन की मूल भावना ‘मैं नहीं, हम’ है। उन्होंने बताया कि संगठन ने करीब डेढ़ वर्ष में प्रदेश स्तर पर नौ पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किए हैं और 14 जिलों में जिला इकाइयों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संघ पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और हितों के लिए लगातार काम कर रहा है। मुख्य अतिथि अशोक छाबड़ा ने कहा कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर भी सरकार की गंभीरता की बात कही और पत्रकारों की मांगों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार मुकेश वशिष्ठ ने कहा कि वह स्वयं पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और पत्रकारों की चुनौतियों से परिचित हैं। उन्होंने पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने पत्रकारों को आयुष्मान योजना का लाभ और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं दिलाने के लिए सरकार से बात करने की बात कही। इस दौरान मुकेश वशिष्ठ ने फोन के माध्यम से शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से भी पत्रकारों की बातचीत करवाई। शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने पर खेद जताया और श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि पत्रकार धूप, गर्मी, सर्दी और बारिश की परवाह किए बिना समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का सम्मान उनके समर्पण, संघर्ष, कर्मठता और सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है। समारोह में हरियाणा के 18 जिलों से पहुंचे करीब 327 पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक और कला प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और पत्रकार संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों सहित प्रदेशभर से आए पत्रकार मौजूद रहे। संगठन की ओर से बताया गया कि अगला प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह 27 सितंबर को हांसी में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक हांसी जिला अध्यक्ष अजय शर्मा होंगे। इसमें प्रदेशभर से पत्रकारों के अलावा स्थानीय व्यापारी, प्रशासनिक अधिकारी, राजनेता और आमजन भी शामिल होंगे।