-
☰
हरियाणा: समाधान शिविर में डीसी राहुल नरवाल ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
- Photo by : social media
विस्तार
हरियाणा: जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त राहुल नरवाल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कई मामलों में अधिकारियों से मौके पर जानकारी लेकर समाधान के लिए समय सीमा भी निर्धारित की। शिविर में हांसी निवासी कृष्णा देवी और बुढ़ाना गांव की सोमवती ने निजी स्कूलों द्वारा बच्चों की एसएलसी (स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट) नहीं देने की शिकायत की। उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दोनों मामलों की तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। शिव कॉलोनी निवासी एक नागरिक ने सीवरेज लाइन में बने होल की मरम्मत की मांग रखी। डीसी ने अधिकारियों को शिकायत का तुरंत समाधान करने के साथ ही शहर के अन्य सीवरेज और मेनहोल की भी जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं, ढाणी राजू गांव निवासी सुभाष ने दुकान में आग लगने से हुए आर्थिक नुकसान का मामला उठाते हुए मुआवजे की मांग की। उपायुक्त ने मामले की जांच कर 27 अगस्त तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। खरबला गांव निवासी सतीश कुमार ने करीब 40 हजार रुपये का बिजली बिल आने की शिकायत की। इस पर डीसी ने बिजली विभाग को बिल की जांच कर वास्तविक स्थिति पता लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान कराया जाए और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में नायब तहसीलदार सुरेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।