-
☰
मध्य प्रदेश: मकनपुरा स्कूल में शिक्षक नहीं पहुंचे समय पर, बच्चों की पढ़ाई हुई प्रभावित
- Photo by : social media
विस्तार
मध्य प्रदेश: जिले के बाजना क्षेत्र की ग्राम पंचायत घोड़ा खेड़ा के मकनपुरा गांव स्थित स्कूल में समय पर कक्षाएं शुरू नहीं होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों और बच्चों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक सुबह समय पर स्कूल नहीं पहुंचते, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, बच्चे सुबह करीब 9 बजे स्कूल पहुंच जाते हैं, लेकिन शिक्षक के समय पर नहीं आने के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। इंतजार करते-करते कई बच्चे वापस घर लौट जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का निर्धारित समय होने के बावजूद करीब 11 बजे तक भी कक्षाएं शुरू नहीं हो पातीं। एक छात्र ने बताया कि वह सुबह 9 बजे स्कूल पहुंचता है, लेकिन शिक्षक के आने का इंतजार करते-करते घर वापस जाना पड़ता है। बच्चों का कहना है कि इस तरह उनका पढ़ाई का महत्वपूर्ण समय लगातार बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर स्कूल की व्यवस्था की जांच कराने और शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही बच्चों को नियमित पढ़ाई और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपील की गई है।