-
☰
राजस्थान: डेढ़ किलो चांदी के आभूषण लेकर निकला युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता, परिजनों में मचा हड़कंप
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: बीकानेर जिले के नोखा कस्बे से एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है।
विस्तार
राजस्थान: बीकानेर जिले के नोखा कस्बे से एक युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक अपने साथ करीब डेढ़ किलो चांदी के आभूषण लेकर बीकानेर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन देर रात तक अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। काफी तलाश के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार नोखा कस्बे के बाबा छोटूनाथ स्कूल के पीछे रहने वाले बजरंगलाल सोनी ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका 24 वर्षीय पुत्र सांवरलाल गुरुवार दोपहर करीब एक बजे घर से बीकानेर के लिए निकला था। सांवरलाल अपने साथ लगभग डेढ़ किलो चांदी के आभूषण लेकर गया था, जिन्हें उसे बीकानेर शहर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में स्थित अपने बड़े भाई की दुकान पर पहुंचाना था। परिजनों के मुताबिक सांवरलाल रोजमर्रा के व्यापारिक कार्यों के चलते अक्सर बीकानेर आता-जाता रहता था, इसलिए शुरुआत में किसी को चिंता नहीं हुई। लेकिन जब देर शाम तक वह दुकान पर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, तब परिवार के लोग परेशान हो गए। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से भी सांवरलाल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। लगातार संपर्क नहीं होने और मोबाइल बंद मिलने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई। आखिरकार परिजन नोखा थाने पहुंचे और युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की जांच कर रहे एसआई हरिराम ने बताया कि युवक के लापता होने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली जा रही है। साथ ही रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि युवक की अंतिम लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही युवक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, परिवार के लोग सांवरलाल की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
राजस्थान: नीमराना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का किया पर्दाफाश, 17 लाख नकद व जेवरात बरामद
उत्तर प्रदेश: समर कैंप के दौरान खिलाड़ियों ने किया नालंदा विश्वविद्यालय का किया भ्रमण
उत्तर प्रदेश: रामपुर मनिहारान में जैनामृत शिक्षण शिविर बना श्रद्धा, ज्ञान और संस्कारों का केंद्र
राजस्थान: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 680 लीटर खराब दूध जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया