-
☰
उत्तर प्रदेश: बेल्थरा रोड में रसोई गैस की किल्लत बढ़ी, उपभोक्ता हुए परेशान
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बेल्थरा रोड क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बेल्थरा रोड क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। कुशहा भांड़ स्थित ओम गैस एजेंसी के गोदाम पर मंगलवार को सुबह करीब चार बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग भोर में ही पहुंचकर कतार में लग जा रहे हैं। बावजूद इसके कई दिनों तक इंतजार करने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में यह समस्या होली से पहले ही शुरू हो गई थी, जो अब और गंभीर रूप ले चुकी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजराइल-अमेरिका के बीच चल रहे तनाव को लेकर भी लोगों में आशंका का माहौल है, जिससे गैस की उपलब्धता को लेकर उहापोह की स्थिति बनी हुई है। गैस एजेंसी पर आए दिन उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच कहासुनी की स्थिति बन जाती है। लोगों का आरोप है कि व्यवस्था सही नहीं होने के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस कंपनियों ने बुकिंग का समय 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। बुकिंग के 48 घंटे बाद उपभोक्ताओं को लंबी लाइन में लगकर ओटीपी देने के बाद ही सिलेंडर मिल पा रहा है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। इस बीच, ओम गैस एजेंसी के मालिक ओमप्रकाश सर्राफ से जब गैस संकट को लेकर बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने ऑन कैमरा कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि, ऑफ कैमरा उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि “आप तो सब जानते हैं।” वहीं, मंगलवार को नगर क्षेत्र में कुछ स्थानों पर होम डिलीवरी की गाड़ियां भी नजर आईं, लेकिन इससे समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं हो सका है। इसके अलावा, गैस एजेंसियों पर केवाईसी अपडेट और बुकिंग के लिए भी लंबी कतारें लगी रहीं। बेल्थरा रोड में गैस की कमी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
राजस्थान: प्रेम प्रसंग के चलते दोहरे हत्याकांड का मामला, पुलिस ने की जांच जारी
गुजरात: 5 साल बाद रिहाई पर खानाजी संग्रामजी का हुआ भावुक स्वागत
बिहार: बेमौसम बारिश से मक्का-गेहूं की फसलें हुई बर्बाद, किसानों में मचा हाहाकार
राजस्थान: “मल्ला श्री 2026” प्रतियोगिता आयोजित, युवाओं ने शक्ति और साहस का किया प्रदर्शन
राजस्थान: वागड़ क्षत्रिय महासभा ने महंत बलवीर गिरी महाराज का किया सम्मान
उत्तर प्रदेश: जागरूकता कार्यक्रम व रैली आयोजित, महिला स्वास्थ्य और करियर पर दिया गया मार्गदर्शन