Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 680 लीटर खराब दूध जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Pramod Kumar Bansal , Date: 30/06/2026 03:07:26 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Pramod Kumar Bansal ,
  • Date:
  • 30/06/2026 03:07:26 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: खैरथल-तिजारा। जिले में मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने सोमवार को मुंडावर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 680 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

विस्तार

राजस्थान: खैरथल-तिजारा। जिले में मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने सोमवार को मुंडावर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 680 लीटर संदिग्ध दूध जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। यह दूध पिकअप वाहन के माध्यम से हरियाणा के रेवाड़ी-बावल क्षेत्र स्थित एक डेयरी में ले जाया जा रहा था। प्राथमिक जांच में दूध से तेज बदबू आने और उसके फटे हुए होने के कारण उसे मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि मुंडावर, भूरियावास सहित आसपास के गांवों से बड़ी मात्रा में दूध एकत्र कर हरियाणा भेजा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने मुंडावर क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। वाहन चालक की पहचान मोहित के रूप में हुई। जांच के दौरान वाहन में रखे दूध का निरीक्षण किया गया तो उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी और दूध फटा हुआ मिला।

 

ऐसे में विभाग ने दूध को मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए तत्काल 680 लीटर दूध को मौके पर ही नष्ट करवा दिया, ताकि वह बाजार तक नहीं पहुंच सके और आमजन के स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि इस मामले में संबंधित डेयरी को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डेयरी का लाइसेंस निरस्त करने की भी अनुशंसा की जाएगी। विभाग यह भी जांच करेगा कि खराब दूध किस उद्देश्य से एकत्र किया गया था और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। अधिकारियों ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।