Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: डीएसपी आकांक्षा चौधरी की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों का जखीरा किया बरामद, 5 आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 12/05/2026 05:11:43 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 12/05/2026 05:11:43 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: टोंक में भारी मात्रा में बारूद व छर्रे जब्त उनियारा वृत्त में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए रूपवास से हथियारों का जखीरा बरामद किया है।

विस्तार

राजस्थान: टोंक में भारी मात्रा में बारूद व छर्रे जब्त उनियारा वृत्त में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए रूपवास से हथियारों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6 देशी टोपीदार बंदूक, 1 देशी कट्टा एवं 3 एयरगन सहित कुल 10 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा भारी मात्रा में गन पाउडर (बारूद), मोटे और मध्यम छर्रे तथा एयरगन पेलेट्स भी जब्त किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव के निर्देशन एवं उनियारा वृत्ताधिकारी आकांक्षा चौधरी के निकट सुपरविजन में यह विशेष कार्रवाई की गई। डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि अवैध हथियारों की लगातार मिल रही सूचनाओं तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर वृत्त स्तर पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने 11 मई को थाना बनेठा एवं उनियारा क्षेत्र के रूपवास गांव सहित विभिन्न स्थानों पर सुनियोजित तरीके से दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा तथा उनके कब्जे से अवैध हथियार, बारूद और छर्रे बरामद किए।

डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना बनेठा में चार तथा थाना उनियारा में एक प्रकरण आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है तथा अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में 6 देशी टोपीदार एक नाली बंदूक, 1 देशी कट्टा, 3 एयरगन, 20 मोटे छर्रे, 655 मध्यम छर्रे, 100 एयरगन पेलेट्स तथा भारी मात्रा में गन पाउडर (बारूद) शामिल है। इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और बारूद बरामद होने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का उपयोग किन गतिविधियों में किया जा रहा था और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पिता पुत्र भी हुए गिरफ्तार डीएसपी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में रूपवास थाना बनेठा निवासी शोराज सिंह पुत्र लाला सिंह, बृजराज सिंह पुत्र उदयसिंह, पुत्र गडुल पुत्र बाबूलाल हरिजन, पिता बाबूलाल पुत्र केसरा हरिजन तथा नयागांव थाना उनियारा निवासी रमेश पुत्र कन्हैयालाल मीणा शामिल हैं। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनियारा न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक छोटू लाल, हैड कांस्टेबल शैतान, नंदकिशोर, दयाराम, रामसागर सहित कांस्टेबल राकेश कुमार, हरिओम, मोहम्मद फैज, मुकेश, परशुराम और कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल परशुराम द्वारा जुटाई गई आसूचना के आधार पर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।

पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई हाल ही में ही कांस्टेबल भागचंद हत्याकांड के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा मानी जा रही है। कांस्टेबल भागचंद की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया था और अपराधियों व अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीएसपी आकांक्षा चौधरी, बनेठा थाना प्रभारी एवं गठित टीम ने रूपवास क्षेत्र में यह बड़ी कार्रवाई कर हथियारों का जखीरा बरामद किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उनियारा तहसील क्षेत्र में पुलिस द्वारा की गई यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल है, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उनियारा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और डीएसपी आकांक्षा चौधरी की सख्त कार्यशैली की आमजन द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।