Contact for Advertisement 9919916171


राजस्थान: ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का हुआ भंडाफोड़, तीन आरोपी हुए गिरफ्तार

- Photo by : social media

राजस्थान  Published by: Shahihurehman , Date: 12/05/2026 05:04:40 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by: Shahihurehman ,
  • Date:
  • 12/05/2026 05:04:40 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: टोंक जिला स्पेशल टीम (DST) और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैचों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

विस्तार

राजस्थान: टोंक जिला स्पेशल टीम (DST) और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैचों पर चल रहे ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित एक फार्म हाउस पर देर रात दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन और सट्टे के लेनदेन से जुड़ी डायरी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क में एक करोड़ रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन हुआ है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। दबिश के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आदर्श नगर जयपुर निवासी वाकुल उर्फ बिन्नी, वैशाली नगर जयपुर निवासी अमित तथा फार्म हाउस मालिक भागचंद गुर्जर शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, एक टैबलेट, नौ मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, जियो वाई-फाई सिस्टम और एक कार भी जब्त की है। इसके अलावा एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसमें आईपीएल सट्टे के पूरे लेनदेन का विस्तृत रिकॉर्ड दर्ज पाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डायरी में एक करोड़ रुपये से अधिक के ट्रांजेक्शन का उल्लेख मिला है, जिससे इस अवैध नेटवर्क के बड़े पैमाने पर सक्रिय होने का संकेत मिलता है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस सट्टा रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।