Contact for Advertisement 9919916171


छत्तीसगढ़: खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान हुआ चालू , फफूंदयुक्त मिठाई जब्त कर की कार्रवाई

- Photo by : SOCIAL MEDIA

छत्तीसगढ़  Published by: Prabhesh Mishra , Date: 11/05/2026 05:35:34 pm Share:
  • छत्तीसगढ़
  • Published by: Prabhesh Mishra ,
  • Date:
  • 11/05/2026 05:35:34 pm
Share:

संक्षेप

छत्तीसगढ़: राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिलेवासियों को शुद्ध, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा ‘सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसका समापन सोमवार को किया गया।

विस्तार

छत्तीसगढ़: राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिलेवासियों को शुद्ध, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा ‘सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान के तहत 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसका समापन सोमवार को किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अनियमितता मिलने पर कार्रवाई भी की गई।

अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में संचालित मिठाई दुकानों, बेकरी, फल दुकानों, आइसक्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक विक्रेताओं सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की चरणबद्ध जांच की गई। 9 मई को फल दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए, वहीं 10 मई को प्रेमनगर एवं रामानुजनगर क्षेत्र में संचालित मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, एक्सपायरी डेट वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय नहीं करने, खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने, फूड एवं नॉन-फूड उत्पाद अलग-अलग रखने तथा फूड लाइसेंस को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जांच के दौरान प्रेमनगर विकासखंड स्थित देव होटल से 8 किलोग्राम फफूंदयुक्त मिठाई बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। दुकान संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी अनियमितता पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की अभिहित अधिकारी श्रीमती पुष्पा राज चौहान ने सभी खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उपलब्ध कराने की अपील की। वहीं आम नागरिकों से भी अशुद्ध या एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की जानकारी तत्काल विभाग को देने का आग्रह किया गया है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।