-
☰
छत्तीसगढ़: जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य हुआ तेज, प्रशासन जुटा घर-घर सर्वे में
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
छत्तीसगढ़: सूरजपुर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जनगणना-2027 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सूरजपुर जिले में सुव्यवस्थित ढंग से प्रगति पर है।
विस्तार
छत्तीसगढ़: सूरजपुर भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जनगणना-2027 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सूरजपुर जिले में सुव्यवस्थित ढंग से प्रगति पर है। जिले में इस महत्वपूर्ण कार्य के सुचारु क्रियान्वयन हेतु कुल 16 चार्ज अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 09 तहसीलदार - क्रमशः सूरजपुर, लटोरी, भैयाथान, ओड़गी, बिहारपुर, भटगांव, रामानुजनगर, प्रेमनगर एवं प्रतापपुर - तथा शहरी क्षेत्रों के लिए 07 मुख्य नगरपालिका अधिकारी- क्रमशः नगर पालिका परिषद सूरजपुर, नगर पंचायत बिश्रामपुर, शिवनंदनपुर, भटगांव, प्रेमनगर, प्रतापपुर एवं जरही - सम्मिलित हैं। जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर सम्पादित किया जा रहा है। जिला सूरजपुर में कुल 1,433 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार कर हाउस लिस्टिंग हेतु 1,550 प्रगणक (रिजर्व सहित) तथा 269 पर्यवेक्षक (रिजर्व सहित) नियुक्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल 1,819 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किए जाने के लिए 33 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति कर सफल जनगणना ब्लॉक में सतत सर्वेक्षण कार्य सम्पादित किया जा रहा है। प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक जानकारी का संकलन पूरी सजगता एवं सटीकता के साथ किया जा रहा है। मकान सूचीकरण एवं गणना का सम्पूर्ण कार्य भारत सरकार द्वारा विशेष रूप से तैयार किए गए एप्प (मोबाइल एप्लीकेशन) के माध्यम से सम्पादित किया जा रहा है। इस हेतु जिले के समस्त प्रगणकों एवं चार्ज अधिकारियों के मोबाइल में उक्त एप्प डाउनलोड कराकर फील्ड में डिजिटल माध्यम से कार्य संचालित किया जा रहा है, जिससे आंकड़ों का संकलन त्वरित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित हो रहा है। जनगणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला प्रशासन द्वारा बहुआयामी रणनीति अपनाई गई है। शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों के ऑटो टिपर में माइक लगाकर, ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवार के माध्यम से, दीवार लेखन तथा समाचार पत्रों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला सूरजपुर में 13 मई 2026 से 15 मई 2026 तक के लिए जनगणना कार्य निर्देशालय, छत्तीसगढ़ रायपुर से एल.ई.डी. वैन भेजी जा रही है, जिसके माध्यम से हाट-बाजार, बड़ी ग्राम पंचायत सभाओं, मेलों, बड़े विद्यालयों, प्रार्थना स्थलों आदि स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिक जनगणना के महत्व से अवगत होकर इस राष्ट्रीय महायज्ञ में अपना सक्रिय योगदान दे सकें। जिले में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य समुचित रूप से प्रगति पर है तथा गणना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु समस्त आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं। 10 मई 2026 तक की स्थिति में जिले के कुल 1,433 जनगणना ब्लॉकों में से 246 जनगणना ब्लॉकों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा जिले में कुल अनुमानित भवनों की संख्या 2,23,484 के विरुद्ध अब तक 2,29,765 मकानों की गणना सफलतापूर्वक सम्पन्न की जा चुकी है, जो जिले की कार्यकुशलता एवं प्रगणकों के समर्पित प्रयासों का जीवंत प्रमाण है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा प्रगणकों के समक्ष सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी प्रस्तुत कर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान करें। जनगणना देश के नीति-निर्माण, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन एवं संसाधनों के समुचित आवंटन का सशक्त आधार है, अतएव प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वे जनगणना कार्य की सफलता सुनिश्चित करने में अपनी सहभागी भूमिका का निर्वहन करें।
उत्तर प्रदेश: वैवाहिक समारोह में जुटे जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों ने विकास कार्यों पर की गई चर्चा
राजस्थान: पेयजल संकट पर शक्ति प्रदर्शन के बाद कलेक्टर से वार्ता, 7 दिन का अल्टीमेटम देकर टला धरना
राजस्थान: अवैध जल कनेक्शनों पर कार्रवाई, 16 कनेक्शन हटाकर सुधारी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था
राजस्थान: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए शुरू हुआ ‘परिंडा लगाओ’ अभियान
छत्तीसगढ़: फर्जी ई-पोस एंट्री कर राशन घोटाले के लगे आरोप, जांच की मांग
राजस्थान: तेज गर्मी में बेसहारा बुजुर्ग की हुई मौत, सोशल मीडिया से हुई बुजुर्ग की पहचान