Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: हड़ताल के बीच एसडीएम ने संभाली सफाई की कमान 

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Anil , Date: 13/05/2026 04:48:21 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Anil ,
  • Date:
  • 13/05/2026 04:48:21 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हांसी, सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते बुधवार सुबह हांसी शहर में प्रशासन और आमजन की सहभागिता का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब एसडीएम राजेश खोथ स्वयं कस्सी और तसला लेकर शहर की सफाई व्यवस्था संभालने सड़कों पर उतर आए।

विस्तार

हरियाणा: हांसी, सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते बुधवार सुबह हांसी शहर में प्रशासन और आमजन की सहभागिता का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब एसडीएम राजेश खोथ स्वयं कस्सी और तसला लेकर शहर की सफाई व्यवस्था संभालने सड़कों पर उतर आए। उनके नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों, अधिवक्ताओं एवं ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से व्यापक सफाई अभियान चलाया। सुबह लगभग 6 बजे शुरू हुआ यह अभियान लगातार तीन घंटे तक चला। एसडीएम राजेश खोथ ने केवल निगरानी तक खुद को सीमित न रखते हुए स्वयं कूड़ा उठाया, तसलों में भरकर ट्रालियों तक पहुंचाया और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।

सघन सफाई अभियान के दौरान शहर के चार प्रमुख चौक, चार रोड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों से बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा एकत्रित कर डंपिंग स्टेशन तक पहुंचाया गया। लंबे समय से जमा कचरा हटने से शहरवासियों को राहत मिली और कई क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण दिखाई दिया। अभियान में शहर के व्यापारिक संगठनों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सब्जी मंडी एसोसिएशन, इलेक्ट्रॉनिक एवं कपड़ा व्यापार मंडल सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने सफाई कार्य में सहयोग दिया। इसके अतिरिक्त अधिवक्ताओं ने भी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए श्रमदान किया।

विशेष बात यह रही कि आसपास के गांवों कुलाना, सिसाय, मेहंदा और जमावड़ी से ग्रामीण स्वेच्छा से शहर पहुंचे और सफाई अभियान में हाथ बटाया। इस सामूहिक प्रयास ने सामाजिक एकता और जनभागीदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। नागरिकों ने एसडीएम राजेश खोथ की कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का स्वयं सड़क पर उतरकर श्रमदान करना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। इससे लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने की अपील की।