Contact for Advertisement 9919916171


हरियाणा: साइबर क्राइम थाना की जागरूकता पहल, स्कूल बस चालकों को साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया गया जागरूक

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , Date: 04/07/2026 01:04:53 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by: Rajput Ranjeet ,
  • Date:
  • 04/07/2026 01:04:53 pm
Share:

विस्तार

हरियाणा: फतेहाबाद साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में श्री चैतन्य स्कूल, फतेहाबाद में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल बस चालकों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में तैनात महिला सहायक उपनिरीक्षक सुनीता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान बस चालकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करने की सलाह दी गई।

महिला एएसआई सुनीता ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। उन्हें स्वयं दहेज न लेने और न ही देने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा समाज में इस बुराई को समाप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा उपस्थित बस चालकों को ‘अभेद्य ऐप’ के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें ऐप की उपयोगिता, सुरक्षा सुविधाओं और आपात स्थिति में इसके प्रभावी उपयोग के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी बस चालकों ने साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
 


Featured News