-
☰
UP Crime News: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मिला 38 वर्षीय महिला का शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस
- Photo by : social media
विस्तार
उत्तर प्रदेश: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 5 अगस्त को तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में मिले ट्रॉली बैग ने पुलिस को एक सनसनीखेज हत्या के मामले तक पहुंचा दिया है। बैग से महिला के शरीर के कई कटे हुए हिस्से बरामद हुए थे। जांच के दौरान मृतका की पहचान ओडिशा के जगतसिंहपुर निवासी 38 वर्षीय हयातुन निशा के रूप में हुई। वह चेन्नई के गुदुवांचेरी इलाके में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। जानिए पूरी खबर। महिला की हत्या कर अलग-अलग जगहों पर फेके गए थे शव के टुकड़े पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका थी कि महिला की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद उसके शव के टुकड़ों को अलग-अलग जगहों पर फेंकने की कोशिश की गई। इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाते हुए चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज में 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर एक युवक और युवती लाल रंग का ट्रॉली बैग लेकर जाते नजर आए। इस सुराग के आधार पर आरपीएफ की क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्रांच की टीम गुदुवांचेरी पहुंची। वहां जांच के दौरान टीम को महिला का कटा हुआ सिर एक बर्तन में रखा मिला। इससे शव को कई हिस्सों में काटे जाने की पुष्टि हुई। पुलिस की कार्रवाई पुलिस के मुताबिक हयातुन निशा के साथ असम निवासी माणिकउद्दीन लश्कर और ओडिशा की भगवती माझी भी रहती थी। घटना के बाद दोनों के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और हत्या की वजह के साथ-साथ वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आगरा में इस मामले में जीआरपी कैंट थाने में अज्ञात के खिलाफ NIL FIR दर्ज की गई थी। बाद में मामले के तार चेन्नई से जुड़ने के बाद जांच चेन्नई जीआरपी को सौंप दी गई। सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित के अनुसार अब मामले में आगे की कार्रवाई चेन्नई जीआरपी करेगी।